Numerology Rashifal 2018 - अंक ज्योतिष 2018 राशिफल

अंक ज्योतिष 2018 के राशिफल का आधार आपका मूलांक है| वर्ष 2018 पूरी तरह से चन्द्र गृह के अधिभूत रहेगा| ज्योतिष विज्ञान में चन्द्र गृह का बहुत महत्त्व है| यह वर्ष महिलाओं के लिए बहुत अच्छा रहेगा और उन्हें अपने जीवन में अपार सफलता मिलेगी| रचनात्मक कार्यों में रुचि रखने वालों के लिए भी अंक शास्त्र द्वारा अच्छे संकेत मिल रहे हैं| वे अपनी कार्यशैली में एक बेहतर बदलाव ला पाएंगे और समाज में प्रतिष्ठा कमाएंगे| अब और विलम्ब न करते हुए हम आपको बताने जा रहे हैं कि 1 से लेकर 9 तक के मूलांक के लिए आपका भविष्यफल कैसा रहने वाला है|

मूलांक 1 का राशिफल (Numerology Number 1)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 1 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष कुछ नया आरम्भ करने की अच्छी संभावनाएं प्रदान कर रहा है| वर्ष 2018 बहुत ही अच्छा बीतेगा| कार्यक्षेत्र में आपका समर्पण और मेहनत आपको प्रशंसा का पात्र बना देगा| बीते समय में की गयी मेहनत और प्रयास भी अच्छे फल देंगे| भविष्य के लिए बनायीं गयी योजनायें फलदायक होंगी| आपकी रचनात्मक शक्ति बढ़ेगी और नयी उर्जा का संचार होगा| माता पिता का आशीर्वाद आपके साथ बना रहेगा| वैवाहिक जीवन भी सुखमय बीतेगा और जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा| पारिवारिक जीवन की शांति बनाये रखने के लिए सब लोगों से मिल जुल कर रहें| पढ़ाई में संतान को सफलता मिलेगी जिससे आपको बहुत सुख प्राप्त होगा| आपका झुकाव आध्यात्म की ओर हो सकता है| इस वर्ष महिलाएं आपके लिए बहुत शुभ साबित होंगी और आपको हर परेशानी से निकलने में सहायता करेंगी| प्रेमी जोड़ों के लिए यह समय बहुत अच्छा रहेगा और प्रेम से भरा होगा| किसी के सामने प्रेम प्रस्ताव रखने के लिए यह समय अनुकूल है|

मूलांक 2 का राशिफल (Numerology Number 2)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 2 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष बहुत कुछ छुपाये हुए है| कई सकारात्मक बदलाव आपके जीवन का हिस्सा बनेंगे| कार्यक्षेत्र और पारिवारिक जीवन दोनों ही सुखद रहेंगे| डेरी, मोती और आर्ट से जुड़ा कारोबार करने वाले व्यापारी अच्छा लाभ कमा सकेंगे| कला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोग भी बहुत आगे जायेंगे| वर्ष 2018 में आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी बनी रहेगी| जिन वस्तुओं को भी आप प्राप्त करना चाहते हैं उनके लिए प्रयास करते रहें| आपकी माता बहुत सी परेशानियों में आपका साथ देंगी| वैवाहिक जीवन में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा| पारिवारिक जीवन भी अच्छा रहेगा| स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा और अच्छे खाद्य पदार्थों का सेवन करना होगा| आपकी रचनात्मक शक्ति बहुत सफलता दिलाएगी|

मूलांक 3 का राशिफल (Numerology Number 3)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 3 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष औसत रहेगा| आपको अपने जीवन को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करते रहना होगा| वर्ष 2018 के आरम्भ में संभवतः कठिनाइयाँ आ सकती हैं परन्तु धीरे धीरे सब कुछ ठीक होता दिखाई देगा और स्थितियां सुधरेंगी| आपकी सफलता का मूल मन्त्र आपकी कड़ी मेहनत है| सकारात्मक सोच के साथ अपने कार्यों को पूरा करें और दृढ़ता के साथ आने वाले उतार चढाव का सामना करें| इस वर्ष आपके व्यक्तित्व, सोच और चरित्र में अच्छे बदलाव आयेंगे| आर्थिक स्थिति भी अच्छी बनी रहेगी| सामाजिक तौर पर भी आप सजग रहेंगे| पारिवारिक जीवन में प्रसन्नता बनी रहेगी और बच्चों के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा| आपका साथ और प्यार उनके लिए बहुत आवश्यक है| आप दान पुण्य करेंगे और अपने उदार स्वभाव के कारण लोगों की प्रशंसा का पात्र बनेंगे| स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहेगा|

मूलांक 4 का राशिफल (Numerology Number 4)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 4 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष कई चुनौतियाँ लेकर आएगा परन्तु आप मेहनत और प्रयास द्वारा इन सब पर विजय पा लेंगे| आपको अपनी दुर्बलताओं पर नियंत्रण पाना होगा| कार्यक्षेत्र हो या पारिवारिक जीवन, हर तनाव का डट कर सामना करें और मन को शांत रखें| नकारात्मकता को स्वयं पर हावी न होने दें| सभी महत्वपूर्ण कार्य आप सहजता से पूरा कर पाएंगे| माता के स्वास्थ्य को लेकर कोई चिंता उत्पन्न हो सकती है| पारिवारिक जीवन में सुख दुःख की छाया बनी रहेगी| विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई की ओर से भटक सकता है| स्वास्थ्य को अच्छी स्थिति में रखने के लिए योग, ध्यान और व्यायाम का सहारा लें| वर्ष 2018 में आपको निराशा से बचते हुए सकारात्मक उर्जा के साथ आगे बढ़ना होगा|

मूलांक 5 का राशिफल (Numerology Number 5)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 5 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष औसत परिणाम देने वाला रहेगा| कई चुनौतियाँ आपके सामने आएँगी जिन्हें आपको बहुत समझदारी से सुलझाना होगा| कार्यस्थल पर बहुत शालीनतापूर्ण व्यवहार रखें और किसी से भी वाद विवाद की स्थिति न बनने दें| दूसरों से अपने रिश्तों को सुधारने के प्रयास करते रहें| आपका अच्छा बर्ताव आपको सफलता की नयी ऊँचाइयों तक ले जा सकता है| वर्ष 2018 में धन की कमी नहीं रहेगी परन्तु सतर्कता के साथ धन व्यय करना आवश्यक है| विधार्थी वर्ग को अतिरिक्त परिश्रम करने और लगन से पढ़ाई करने की ज़रूरत है| अपने लक्ष्य से ध्यान न भटकने दें| पूरे आत्मविश्वास और शांत मन के साथ अपने जीवन में सुख का प्रवाह लाने के प्रयास करते रहें|

मूलांक 6 का राशिफल (Numerology Number 6)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 6 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष संकेत कर रहा है की आपकी मेहनत ही इस वर्ष सफलता की कुंजी है| विपरीत परिस्थितियां बदलने में समय तो लगेगा परन्तु भाग्य का साथ आपको मिलता रहेगा| बहुत से स्वर्णिम अवसर इस वर्ष आपकी प्रतीक्षा कर रहे हैं जिन्हें पाने के लिए सजगता, कड़ी मेहनत और बुद्धिमत्ता से कार्य करना होगा| कुछ परेशानियों के चलते कार्यक्षेत्र में आपका प्रदर्शन प्रभावित होगा| इस समय आपकी सकारात्मक सोच सहारा बनेगी और इन रुकावटों को आप दूर कर पाएंगे| माता के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें और कोई भी अनदेखी न करें| वैवाहिक जीवन में आपसी सामंजस्य बनाये रखें और एक दूसरे पर विश्वास करें| प्रेम संबंधों को बचाने के लिए किसी भी प्रकार की बहस से बचें अन्यथा रिश्तों में बहुत दूरी आ सकती है| अपने सेहत के साथ कोई भी लापरवाही न बरतें| वर्ष 2018 में आपकी सकारात्मक सोच आपको विजय की ओर ले जाएगी|

मूलांक 7 का राशिफल (Numerology Number 7)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 7 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष उल्लास और प्रसन्नता से भरा होगा| जो कार्य आपने बीते हुए समय में किये हैं वे भी शुभ फल देना शुरू कर देंगे| बहुत से सुनहरे अवसर आपके हाथ आने की प्रबल संभावना है| आपके जीवन में कुछ सकारात्मक परिवर्तन आयेंगे और कुछ ऐसे शुभ परिणाम भी सामने आयेंगे जिनकी आप प्रतीक्षा कर रहे थे| कार्यक्षेत्र में बहुत सफलता प्राप्त होगी| वेतन वृद्धि और पदोन्नति जैसे लाभ मिल सकते हैं| अपनी आर्थिक स्थिति पर पैनी नज़र बनाये रखें| पारिवारिक जीवन में सभी सदस्यों में अच्छा मेल मिलाप बना रहेगा और कोई मांगलिक कार्य होने की संभावना भी बन रही है| ननिहाल पक्ष से आपको सहयोग और साथ प्राप्त हो सकेगा| वैवाहिक जीवन प्रेमपूर्ण बना रहेगा| आपको कुछ नया सीखने का अवसर मिलेगा और आध्यात्म और गुप्त विद्या की ओर झुकाव बढ़ेगा|

मूलांक 8 का राशिफल (Numerology Number 8)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 8 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष बहुत सी चुनौतियाँ लेकर आया है| पूर्व में आपके द्वारा किये गए कुछ कार्य इस वर्ष परेशानियाँ पैदा कर सकते हैं| परिस्थितियां बिगड़ती देख आप तनाव महसूस करेंगे| हालात आपके हिसाब से नहीं होंगे और सफलता की राह में रुकावटें उत्पन्न हो सकती हैं| इस समय आपको हर एक निर्णय बहुत सोच विचार के बाद ही लेना होगा| विद्यार्थी वर्ग का भी एकाग्रता की कमी के चलते पढ़ाई में मन नहीं लगेगा| पारिवारिक जीवन में भी कुछ परेशानियाँ आ सकती हैं| परिवार में मतभेद हो सकता है| वैवाहिक जीवन में विश्वास के बल ही आप सुखी रह पाएंगे| स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं इसलिए अपनी जीवनशैली को सुधारें| वर्ष 2018 में आपकी आशावादी सोच और निरंतर प्रयास ही आपकी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं|

मूलांक 9 का राशिफल (Numerology Number 9)

वर्ष 2018 के अंक शास्त्र भविष्यफल के अनुसार मूलांक 9 वाले सभी जातकों के लिए यह वर्ष बहुत शुभ और लाभ देने वाला होगा| जीवन में बहुत से अच्छे बदलाव आने के संकेत मिल रहे हैं| कार्यस्थल पर आप बहुत अच्छा प्रदर्शन कर प्रशंसा के पात्र बन सकेंगे| आपकी रचनात्मक सोच और कड़ी मेहनत आपकी प्रतिभा को और बढ़ा देगी| कारोबारी व्यक्ति भी बहुत लाभ कमाएंगे| वर्ष 2018 में प्रभावशाली व्यक्तित्व रखने वाले जातक बहुत सफलता प्राप्त कर सकेंगे| आय वृद्धि के लिए बहुत से अवसर आपके हाथ आयेंगे| पारिवारिक जीवन की बात करें तो आपको समस्त परिवार का सहयोग और साथ मिलेगा| तनाव को दूर करने के लिए आप परिवार के साथ समय व्यतीत कर पाएंगे| आपकी सन्तान का प्रदर्शन पढ़ाई में अच्छा रहेगा| वैवाहिक जीवन में भी प्यार बना रहेगा| योग और व्यायाम द्वारा आप अपने स्वास्थ्य को अच्छा रख पाएंगे| वर्ष 2018 में आने वाले स्वर्णिम अवसरों के लिए आप स्वयं को तैयार रखें|